enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सतना, नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस के साथ ही विधायक पद छोड़ा

सतना, नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस के साथ ही विधायक पद छोड़ा

सतना, जिले के मैहर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस विधायक नारायण त्रिपाठी ने मंगलवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक पद से त्यागपत्र देने के साथ ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। जिले के मैहर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मंच से ही श्री त्रिपाठी ने यह दोनों घोषणाएं कीं। दरअसल श्री त्रिपाठी वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में मैहर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे लेकिन वह इसके कुछ समय बाद से राजनीतिक कारणों से सत्तारूढ़ दल भाजपा के पक्ष में काम करते आ रहे थे। इससे कयास लगाए जा रहे थे कि वे देरसबेर भाजपा का दामन औपचारिक रूप से थाम लेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री त्रिपाठी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि मैहर उपचुनाव होने पर पार्टी प्रत्याशी का चुनाव करने का काम प्रदेश भाजपा संगठन का रहेगा। इसके बावजूद वह प्रयास करेंगे कि श्री त्रिपाठी को ही उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनाया जाए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को जमकर खरीखोटी सुनाई और कहा कि वह बेबुनियाद आरोप लगाने के अलावा और कोई काम नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि मैहर के विकास के लिए भी राज्य सरकार ने काफी काम किए हैं। आने वाले दिनों में मैहर के विकास के लिए और भी काम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने इस पद की परिभाषा बदलने की कोशिश की और उनका मुख्य ध्येय राज्य की गरीब से गरीब जनता की सेवा के अलावा इस राज्य को चहुंमुंखी विकास करना ही रहा है।

Share:

Leave a Comment