enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश जनता द्वारा ठुकराये जाने पर ईवीएम पर ठीकरा राजनैतिक.....दीपक विजयवर्गीय

जनता द्वारा ठुकराये जाने पर ईवीएम पर ठीकरा राजनैतिक.....दीपक विजयवर्गीय

भोपाल( ईन्यूज़ एमपी ) - भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश मतदाता देता हैं जब मतदाता राजनैतिक दल को ठुकरा देते हैं, तो वे खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की कहावत चरितार्थ करते और ईवीएम पर ठीकरा फौड़ते हैं। कांग्रेस ने ईवीएम के ऐवज में बैलेट पेपर के इस्तेमाल की अनुशंसा करके अपनी प्रतिगामी मानसिकता का सबूत दिया है। इक्कीसवी शताब्दी में कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ उन्नीसवीं सदी की पद्धति के इस्तेमाल पर जोर डालकर लोकतंत्र को प्रतिकूल दिशा में धकेल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को न ईवीएम का आग्रह है और न बैलेट के इस्तेमाल से विरोध है, लेकिन जब दुनिया के देश प्रौद्योगिकी की दिशा में छलांग लगा रहे हैं। भारत को बैलेट बाक्स की ओर लौटना घड़ी के कांटों को विपरीत दिशा में लौट जाना है। कांग्रेस को बदलते परिवेश के अनुसार अपनी मानसिकता का अनुकूलन करना चाहिए। लोकसभा चुनाव 2014 में कांग्रेस को जनता ने 44 सीटों पर समेट दिया है। कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है। कांग्रेस को अपनी विफलता के कारणों पर आत्म निरीक्षण करने का साहस दिखाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीन के प्रयोग पर सभी दलों की सहमति बनी थी, क्योंकि बैलेट पेपर के दौर में बूथ केपचरिंग की घटनाएं आम हो गई थी। कई राज्य बूथ केपचरिंग के लिए कुख्यात हो गये थे। हिंसा की घटनाएं बढ़ रही थीं तब विवश होकर सर्वानुमति से ईवीएम का इस्तेमाल शुरू हुआ और निष्पक्ष मतदान के कारण दुनिया में भारतीय लोकतंत्र की साख बढ़ी थी। आज जब दुनिया में पेपर लेस गवर्मेंट का चलन आरंभ हो गया है। बैलेट पेपर पर लौटना देश को उल्टी दिशा में धकेलना होगा। डॉ. विजयवर्गीय ने कहा कि ईवीएम को दोषपूर्ण बताकर कांग्रेस डॉ. लोहिया की उस टिप्पणी को साबित कर रहे हैं, जिससे डॉ. लोहिया ने कहा था कि कांग्रेस तभी तक लोकतांत्रिक संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करती है जब तक कांग्रेस सत्ता में होती है। सत्ताच्युत होते ही उसके लिए संवैधानिक संस्थाएं अप्रासंगिक हो जाती है।

Share:

Leave a Comment