enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश राज्यपाल ने रायसेन कलेक्टर भावना वालिम्बे को किया सम्मानित...

राज्यपाल ने रायसेन कलेक्टर भावना वालिम्बे को किया सम्मानित...

रायसेन(ईन्यूज एमपी) - शहीद सैनिकों के परिजनों एवं भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों के कल्याण हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों में सराहनीय योगदान के लिए कलेक्टर भावना वालिम्बे को शील्ड तथा प्रशस्ति पत्र दिया गया है। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कलेक्टर भावना वालिम्बे को प्रशस्ति पत्र तथा शील्ड प्रदान किया। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे द्वारा जिले को आवंटित निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि एकत्र कर सैनिक कल्याण बोर्ड को दी गई।

कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने बताया कि भारतीय सैनिक युद्ध तथा शांति के समय एक सजग प्रहरी की तरह सेवाएं देते हैं। वे देश को जल, थल तथा वायु में बहुत की कठिन परिस्थितियों तथा मुश्किल क्षणों में हर समय देश की सीमा की रक्षा करते हैं तथा अपनी अमूल्य सेवाओं के द्वारा बाढ़, भूकंप, तूफान तथा प्राकृतिक विपदाओं के समय देश की सहायता करते हैं। साथ ही सिविल प्रशासन की दंगे तथा आतंकवाद की स्थिति में सहायता करते हैं। इस तरह सैनिक देश की रक्षा तथा सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे द्वारा सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर जिले की ओर से धन राशि एकत्र करने में सक्रिय भूमिका निभाई गई। उनके प्रयासों से ही गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला सैनिकों के कल्याण के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि एकत्रित की गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017-18 में रायसेन जिले से निर्धारित लक्ष्य चार लाख 39 हजार 500 रूपए के विरूद्ध चार लाख 61 हजार 835 रूपए की राशि एकत्र की गई। इस धनराशि का उपयोग शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों, विकलांग सैनिक, भूतपूर्व सैनिक को उपचार, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार एवं अन्य तरह से आर्थिक सहायता के लिए किया जाता है।

Share:

Leave a Comment