रायपुर ( ईन्यूज़ एमपी ) - छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय को उम्मीदवार बनाया गया है। रविवार देर शाम तक चली बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पांडेय के नाम पर मुहर लगाई। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन को उत्तर प्रदेश कोटे से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक की मजबूत दावेदारी मानी जा रही थी, लेकिन आखिरी समय में राष्ट्रीय महामंत्रियों को राज्यसभा में भेजने के फार्मूले पर अमल करने के कारण सरोज को टिकट दी गई। सरोज सोमवार को विधानसभा सचिवालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगी। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो धरमलाल कौशिक सत्ता खेमे की पहली पसंद थे। ऐसे में उन्होंने विधानसभा पहुंचकर नामांकन फार्म भी खरीद लिया, जिसकी केंद्रीय नेताओं से शिकायत की गई। इसके बाद से ही उनकी टिकट का मामला अटक गया। सरोज पिछले लोकसभा चुनाव में दुर्ग से कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू से हार गई थी। हार के बावजूद सरोज को भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री बनाया और महाराष्ट्र का प्रभारी भी बनाया। सूत्रों की मानें तो शाह की करीबी सरोज ने महाराष्ट्र के स्थानीय चुनाव में बेहतरीन रणनीति का परिचय देते हुए पार्टी की जीत सुनिश्चित कराई थी, जिसका तोहफा दिया गया है। संकेत मिल रहे हैं कि मोदी सरकार में अगर महिला मंत्री बनाने की संभावना बनती है, तो सरोज प्रबल दावेदारों में से एक हो सकती हैं। किसे कहां से बनाया गया उम्मीदवार भाजपा ने राज्यसभा के लिए 18 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। इसमें उत्तराखंड से अनिल बलूनी, मध्यप्रदेश से अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी, झारखंड से समीर उरांव, उत्तरप्रदेश से जीवीएल नरसिम्हा राव, अशोक वाजपेयी, विजय पाल सिंह तोमर, सकलदीप राजभर, कांता करदम, हरनाथ सिंह यादव और डा अनिल जैन, कर्नाटक से राजीव चंद्रशेखर राजस्थान से किरोड़ीलाल मीणा, मदन लाल सैनी, महाराष्ट्र से नारायण राणे, वी मुरलीधरन, हरियाणा से डीपी वत्स के नाम सूची में शामिल किए गए हैं।