दिल्ली ( ईन्यूज़ एमपी ) - भारत में राफेल डील को लेकर विपक्ष के आरोपों के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज भारत दौरे पर आएंगे। मैक्रों अपनी पत्नी के साथ आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे जिसके बाद शनिवार को पीएम मोदी और उनके बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। चीन की बढ़ती गतिविधियों की वजह से हिंद महासागर अभी वैश्विक कूटनीति में चर्चा के केंद्र में है। ऐसे में भारत भी इस क्षेत्र में अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार रणनीतिक कदम उठा रहा है। इस क्रम में शनिवार को भारत और फ्रांस के बीच हिंद महासागर में रणनीतिक सहयोग पर अहम घोषणा होने की संभावना है। यह घोषणा पीएम नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बातचीत के बाद होगी। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी 20 वर्षो से है। लेकिन, हिंद महासागर को लेकर होने वाले समझौता बिल्कुल नए किस्म का होगा। यह समझौता दोनों देशों की नौसेना के लिए एक-दूसरे के सैन्य अड्डे के इस्तेमाल का रास्ता खोल सकता है।