भोपाल ( ईन्यूज़ एमपी ) - मध्यप्रदेश की मुंगावली और कोलारस दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। मुंगावली में 13वें राउंड के बाद कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव आगे हैं वहीं कोलारस में 11वें राउंड की मतगणना में महेंद्र सिंह यादव भी आगे हैं। बढ़त को देखते हुए दोनों ही जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरु कर दिया है। मुंगावली में मतगणना का दौर आगे बढ़ने के साथ 13वें राउंड की गणना के बाद कांग्रेस 3896 वोटों से आगे चल रही है। पहले चरण की गिनती में कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव पीछे थे लेकिन उसके बाद जैसे ही मतगणना आगे बढ़ी बृजेंद्र सिंह यादव की बढ़त बरकरार रही। बृजेंद्र सिंह को 13वें राउंड में कांग्रेस को 3494 वोट मिले जबकि भाजपा की बाई साहब यादव को 4554 वोट मिले। 13 दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस की बढ़त बरकरार है। डाक पत्रों की गिनती में 23 में से 21 मतपत्र अमान्य किए गए हैं। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव और भाजपा की प्रत्याशी बाईसाहब यादव के बीच है। यहां 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 8 निर्दलीय हैं।