enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश न डॉक्टर, न इलाज, शोपीस बना उपस्वास्थ्य केन्द्र.....

न डॉक्टर, न इलाज, शोपीस बना उपस्वास्थ्य केन्द्र.....

बक्सवाहा ( ईन्यूज़ एमपी ) - बकस्वाहा से करीब 12 किमी दूर स्थित ग्राम बम्होरी के उप स्वास्थ्य केंद्र पर आस पास की करीब 10 ग्राम पंचायतों की लगभग 35 हजार की आबादी इलाज के लिए निर्भर है। यह अस्पताल लोगों के लिए केवल शोपीस बना है। यहां मरीजों को न डॉक्टर मिलता है न इलाज मिलता है। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए बकस्वाहा तक भटकना पड़ता है।

बम्होरी उप स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर 10 ग्राम पंचायतों में बम्होरी, गुगवारा, बेरखेड़ी, देवरी, सुजारा, घोघरा, देवपुर, खमरिया सहित तीन अन्य पंचायतें शामिल हैं। उपस्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी केवल एक एएनएम के भरोसे है। कुछ ग्राम तो ऐसे हैं जो बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से करीब 25 किलोमीटर दूर हैं। प्रसूताओं को प्रसव के लिए जोखिम का सामना करना पड़ता है, गंभीर मरीजों को भी समय से उपचार नहीं मिल पाता है। दरअसल उप स्वास्थ्य केंद्र में न डॉक्टर है न इलाज के अन्य संसाधन हैं। उपचार के लिए मरीजों को या तो बकस्वाहा या सागर तक भागना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ऐसे हालात सामने आते हैं कि प्रसूता को प्रसव के लिए बकस्वाहा स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के दौरान बीच में ही उसकी मौत हो जाती है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व में समय से उपचार न मिलने के कारण प्रसव के लिए दर्द से कराहती एक महिला ने सड़क पर ही नवाजात शिशु को जन्म दिया था।

Share:

Leave a Comment