ग्वालियर ( ईन्यूज़ एमपी ) - ग्वालियर में शनिवार से राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव शुरू होने जा रहा हैं। ग्वालियर के ऐतिहासिक किले पर राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव 2 दिनों तक चलेगा। राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का आकषर्ण ध्रुव पद से ध्रुपद कार्यक्रम होगा जिसमें देश के नामचीन कलाकार द्रुपद की प्रस्तुतियां देंगे। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर किला पहुंचकर राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। किले पर लाइट एंड साउंड के साथ महोत्सव का आयोजन होगा। राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में मुख्य आकर्षण ध्रुपद होगा जो खासतौर पर ध्रुपद की गुरु शिष्य परंपरा पर केंद्रित होगा। 24 फरवरी को ग्वालियर किले पर अभिजीत सुखदाणें और दरभंगा घराने के मलिक बंधुओं का ध्रुपद गायन होगा। महोत्सव के दूसरे दिन 25 फरवरी की देश के उभरते युवा गायक सुमित आनंद, यश बघेल और अनुज प्रताप सिंह ध्रुपद की जुगलबंदी पेश करेंगे। राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में केद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा अतिथि के रुप में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर घराना द्रुपद के लिए विश्व प्रसिद्ध रहा है। इसीलिए यहां राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के तहत अखिल भारतीय ध्रुपद महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तोमर के मुताबिक राजा मानसिंह तोमर के जमाने से ही ग्वालियर में संगीत के प्रति कलाकारों और लोगों की बहुत रुचि रही है।