भोपाल ( ईन्यूज़ एमपी ) - नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि भगवान राम की भूमि चित्रकूट के बाद कोलारस और मुंगावली में जनता को भाजपा के पांखंड को नकारना चाहिए। अजय सिंह आज दो दिवसीय चुनावी दौरे के पहले दिन मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। अजय सिंह ने मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टांडा, निटर, मदउखेडी़, अचलगढ और गरेठी मे कांग्रेस प्रत्यासी के सर्मथन चुनावी सभाएं की। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के 14 साल का वनवास और भाजपा सरकार के पाखंड को 14 साल का अब जनता को अंत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खुशफहमी पैदा करके जनता को जो धोखा शिवराज सरकार ने दिया है उसे अब माफ करने की नहीं साफ करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने विकास के नाम पर प्रदेश को लूटा और जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया। प्रदेश का किसान इस भरोसे में रहा कि अपने को किसान पुत्र कहने वाला मुख्यमंत्री उनकी सुनेगा, उनके लिए कुछ करेगा। लेकिन कृषि कर्मण अवार्ड लेकर खुद तो वाहवाही लूटते रहे लेकिन किसान के भरोसे को तोड़कर उसे बद से बदतर स्थिति में भाजपा सरकार ने ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में विकास की इतनी बहार है तो फिर चित्रकूट के बाद मुंगावली और कोलारस में इतना पसीना मुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रियों और संगठन को क्यों बहाना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि हमारे प्रदेश की जनता भरोसा करना भी जानती है और तोड़ने वाले को ठिकाने पर भी लगाना जानती है। अजय सिंह ने कहा कि चित्रकूट से जो आंधी चली है वह कोलारस और मुंगावली के बाद 2018 के चुनाव में भाजपा के रेत के किले को ध्वस्त कर देगी। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह आज शिवपुरी में रात्रि विश्राम करेगे और 20 फरवरी को कोलारस विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करेगें।