enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बच्चों के हौसले से बची महिला की जान, पुलिस ने लूटा श्रेय...

बच्चों के हौसले से बची महिला की जान, पुलिस ने लूटा श्रेय...

जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- भेड़ाघाट के धुआंधार जलप्रपात में एक महिला ने छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। आत्महत्या के इरादे से नदी में कूदी महिला की साड़ी एक चट्टान में फंस गई, जिस कारण वह पानी में डूबने-उतराने लगी। यह देख मौके पर मौजूद सैकड़ों पर्यटकों की चीख निकल गई।

जिसे सुन धुआंधार में सिक्के निकालने वाले दो बच्चे एक छोटी सी रस्सी लेकर महिला को बचाने के लिए उफनाती नर्मदा में कूद पड़े। करीब आधा घंटे के मशक्कत के बाद दोनों ने महिला को बचा लिया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे आखिर में पहुंची पुलिस ने दोनों मासूमों की बहादुरी को दरकिनार करते हुए फोटो और वीडियो बनाकर श्रेय लूटना शुरू कर दिया।

लेकिन देर शाम एक पर्यटक द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें शुरू से अंत तक दोनों बच्चे महिला को बचाने के लिए नर्मदा की लहरों से संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो ने पुलिस और आपदा प्रबंधन के दावों की भी पोल खोलकर रख दी। क्योंकि धुआंधार के पास सुरक्षा के लिए किसी तरह के इंतजाम या संसाधन नहीं थे।

ये है वीडियो में

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि चट्टान में महिला की साड़ी फंसी है। जिस कारण वह न तो बह पा रही है न ही डूब रही है। महिला को बचाने के लिए बच्चे उस तक एक रस्सी फेंकते हैं, लेकिन महिला रस्सी झटक देती है। दो से तीन बार ये सिलसिला चलने के बाद एक बच्चा महिला के पास जाकर उसे तीन-चार चांटे मारकर रस्सी पकड़ाता है। इसके बाद महिला रस्सी पकड़ लेती है। करीब 15 से 20 मिनट बाद कुछ बड़े गोताखोर पहुंचते हैं और 30 मिनट बाद पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान।

ठंड से कांपते रहे बच्चे

वीडियो वायरल करने वाले पर्यटक के अनुसार लगातार बारिश के कारण काफी ठंड थी। जिसके कारण महिला को बचाने वाले बच्चे ठंड से कांप रहे थे। कुछ पर्यटकों ने उनसे बातचीत की और एक संभ्रांत नागरिक ने उन्हें सौ-सौ रुपए के नोट जैसे ही दिए दोनों खुशी से दौड़ते हुए चले गए। कुछ लोगों ने बच्चों से बात करनी चाही, लेकिन वे नहीं रुके।

जानकारी देते-देते दोबारा बेहोश हुई महिला

घटना के अंत में पहुंची पुलिस ने धुआंधार से निकाली गई महिला को आनन-फानन में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद होश में आई महिला ने बताया कि वह माधव नगर, कटनी की रहने वाली है। उसका नाम गंगा है। वह ज्यादा जानकारी दे पाती इससे पहले ही दोबारा बेहोश हो गई। जिसके बाद महिला उसका पर्स चेक किया तो उसके घर का पता मिला। जिस पर पुलिस ने संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के कुछ घंटे के बाद ही महिला के परिजन जबलपुर आ गए।

परिजनों के मुताबिक मानसिक तौर बीमार है महिला

जबलपुर पहुंचे महिला के परिजन ने बताया कि गंगा लंबे समय से कई तरह की बीमारियों से जूझ रही है। जिस कारण वह मानसिक तौर पर परेशान रहती है। इसे परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही घटना की सही वजह का खुलासा हो सकेगा।

Share:

Leave a Comment