छिंदवाड़ा ( ईन्यूज़ एमपी ) - छिंदवाड़ा का ग्रामीण इलाका इन दिनोंं तेंदुए की दहशत में जी रहा है। यहां आमदखोर तेंदुआ लगातार शिकार कर रहा है। इस आमदखोर तेंदुए ने चौथे बच्चे का शिकार किया। मामला छिन्दी क्षेत्र के खुलशान गांव के मोदेढाना का है। जानकारी के मुताबिक तेंदुए ने 10 साल के बच्चे का शिकार किया। इससे पहले भी 3 बच्चे आदमखोर जानवर का शिकार बन चुके हैं। घटना बीती शाम को हुई। 10 वर्षीय बालक पूनम पिता मेमदास सल्लम आंगन में खेल रहा था। ठीक उसी समय तेंदुए ने उस पर हमला किया। तेंदुआ बच्चे को मुंह में दबाकर घर से दूर जंगल वाले इलाके में ले गया। ये इलाका घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित है। अंधेरा और जंगल वाला इलाका होने के कारण पूनम की खोज खबर तुरंत नहीं हो पाई। शाम को पूनम का क्षत-विक्षत शव ग्रामीणों ने बरामद किया। वहीं वन विभाग को तेंदुए द्वारा शिकार करने की सूचना दी गई। आदमखोर तेंदुआ पूनम के पूरे शरीर को खा गया। ग्रामीणों को उसका केवल सिर जंगल के बाहरी क्षेत्र से मिला। वन अमला सूचना मिलने के 5 घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इसमें एक डिप्टी रेंजर और कुछ नाकेदार पहुंचे। वन विभाग की टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरु कर दी है।