enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश क्राइम ब्रांच ने किया महिला के अंधे कत्ल का पर्दाफाश....

क्राइम ब्रांच ने किया महिला के अंधे कत्ल का पर्दाफाश....

इंदौर,(ईन्यूज एमपी)- क्राइम ब्रांच ने एक महिला के अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए रविवार को उसके प्रेमी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। करीब छह माह पूर्व आरोपी ने साथी क्लीनर की मदद से रस्सी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी थी। वह उसके साथ 22 साल से लिवइन में रह रहा था।

एएसपी (क्राइम) अमरेंद्रसिंह के मुताबिक आरोपी का नाम माखनलाल मुकाती उर्फ माखन दा है। उसने ट्रक क्लीनर शिव साहू की मदद से 12 अगस्त की रात रानी खेजड़ा (गुना) में सीताबाई (55) निवासी राजनगर (चंदन नगर) की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसने महिला के शव से कपड़े निकाले और उसके हाथ-पैर बांधकर बोरे में भरकर ट्रक के कैबिन में रख लिया। फिर एबी रोड पर सुनसान रास्ता देख खेत में फेंक दिया।

माखन को घर में अकेला देख पड़ोसियों को शक हुआ। 10 दिन पूर्व वे डीआईजी के पास पहुंचे और सीताबाई को खोजने की गुहार लगाई। पुलिस ने जैसे ही माखन को हिरासत में लिया, उसने हत्या करना कबूूल लिया। एएसपी के मुताबिक आरोपी को गुना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं क्लीनर की तलाश जारी है।

छुटकारा पाने के लिए 4 लाख दिए, रोजाना के झगड़े में मार दिया

एएसपी के मुताबिक माखन ने पुलिस को बताया वर्ष 1994-95 में पड़ोसी राजेंद्र सिंह उर्फ मुन्नाा ने उसे सीताबाई से मिलवाया था। पहले पति की मौत के बाद वह अकेली रहती थी। सीता और माखन ने शादी के लिए चर्चा की और लिवइन में रहने लगे। सीता बच्चेदानी का ऑपरेशन करवा चुकी थी। माखन दूसरी शादी करना चाहता था। उसने सीता को अलग होने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए दो बार में चार लाख रुपए भी दिए, लेकिन सीताबाई ने अलग होने से इंकार कर दिया। इसी बीच माखन ने 2007 में उर्मिला (मारुति पैलेस) से शादी कर ली और उसे राऊ में किराए से मकान दिलवा दिया। सीता को इसका पता चला तो विवाद बढ़ गया।

वह माखन को हत्या की धमकी देने लगी। परेशान माखन ने सीता को ठिकाने लगाने का षड्यंत्र रचा और 1 अगस्त 2017 को चिप्स-कुरकुरे से भरा ट्रक (एमएच 26एडी 1873) लेकर क्लीनर के साथ गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ। उसने कामाख्या देवी (असम) के दर्शन और बहन शांतिबाई से मिलवाने के बहाने सीता को भी ट्रक में बैठा लिया। 6 अगस्त को वे असम पहुंचे और दर्शन कर भोपाल का भाड़ा भरकर रवाना हो गए। रास्ते (एनएच-3) में दोनों के बीच विवाद होने लगा। गुस्से में सीता ट्रक से उतरने लगी। इस दौरान क्लीनर ने उसे धक्का दे दिया। माखन भी ट्रक से उतरा और रस्सी से गला घोंट दिया।

Share:

Leave a Comment