पहले और तीसरे बुधवार को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी सुनवाई, नियुक्ति से पेंशन तक के प्रकरणों का होगा निराकरण सीधी(ईन्यूज एमपी)- महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए नई पहल की है। महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जीआर के निर्देश पर अब संभाग एवं जिला स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से लेकर जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तक अपनी सेवा संबंधी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में नियुक्ति, समयमान वेतनमान, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन तथा अन्य देय स्वत्वों से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी। प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का अभिलेख संधारित किया जाएगा और उसके निराकरण की स्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी। आयुक्त ने कर्मचारियों को उनके अधिकारों एवं लाभ के लिए अनावश्यक कठिनाइयों से बचाने और विभागीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया है। इसके तहत विभागीय कर्मचारियों के वेतन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय, कर्मचारियों के चिकित्सा देयक, यात्रा भत्ता सहित अन्य लाभों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग द्वारा शिविरों की जानकारी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक पहुंचाई जाएगी। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा और रिपोर्टिंग भी होगी। विभाग का उद्देश्य कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं का निकटतम स्तर पर, पारदर्शी प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करना है।