गृह विभाग ने जारी किया पदस्थापना आदेश, सीधी में वापसी पर समर्थकों में उत्साह सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के 137 पुलिस अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना एवं तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना पर कार्यभार संभालना होगा। इस फेरबदल में सीधी मुख्यालय डीएसपी की जिम्मेदारी डॉ. राघवेंद्र द्विवेदी को सौंपी गई है। डॉ. राघवेंद्र द्विवेदी इससे पहले भी सीधी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे सीधी कोतवाली थाना प्रभारी के पद पर भी पदस्थ रह चुके हैं। स्थानीय स्तर पर उनके पूर्व कार्यकाल को लेकर लोगों के बीच उनकी पहचान रही है। अब एक बार फिर सीधी में उनकी पदस्थापना होने से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। उनकी नई पदस्थापना की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया और व्यक्तिगत स्तर पर बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। समर्थकों एवं परिचितों ने डॉ. द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। गृह विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में 137 एसडीओपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इनमें कई अधिकारियों को जिला पुलिस के साथ-साथ नगरीय पुलिस और पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सीधी मुख्यालय में डॉ. राघवेंद्र द्विवेदी की पदस्थापना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।