enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मझौली में आधी रात पुलिस-राजस्व की दबिश, अवैध शराब के साथ डीजल भी बरामद

मझौली में आधी रात पुलिस-राजस्व की दबिश, अवैध शराब के साथ डीजल भी बरामद

मझौली(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी में रविवार देर रात पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तथा पेट्रोल-डीजल की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रात करीब 12 बजे हुई अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि देवरी में लंबे समय से अवैध रूप से शराब और पेट्रोल-डीजल बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।

एसडीएम की मौजूदगी में दो स्थानों पर दबिश

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल की मौजूदगी में देवरी में दबिश दी। टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर जांच की, जहां अवैध गतिविधियों से संबंधित सामग्री मिलने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी विशाल शर्मा के अनुसार कार्रवाई राम रहीस साकेत और पिंकू साकेत के यहां की गई। पुलिस के मुताबिक दोनों स्थानों से अवैध शराब के साथ डीजल भी बरामद किया गया है। हालांकि, बरामद शराब और अन्य सामग्री की सटीक मात्रा का निर्धारण जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा।पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस और प्रशासन यह भी पता लगाने में जुटा है कि अवैध शराब एवं पेट्रोल-डीजल की बिक्री का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।

देर रात पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखने की मांग की है।

Share:

Leave a Comment