enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:खनिज के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, चार वाहन जब्त

सीधी:खनिज के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, चार वाहन जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)-खनिज के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने रामपुर नैकिन, गोपदबनास एवं चुरहट तहसील के विभिन्न क्षेत्रों से रेत एवं गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन कर रहे चार वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में दो वाहन रेत तथा दो वाहन गिट्टी का परिवहन करते पाए गए। संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान खनिज रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर वाहन क्रमांक MP53GA3572 को जमोड़ी तिराहा तथा MP17ZP9545 को बघवार क्षेत्र से जब्त किया गया। इसी प्रकार खनिज गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर वाहन क्रमांक MP53HA1427 को ग्राम उपनी के निकट तथा MP53GA3249 को चुरहट क्षेत्र से जब्त किया गया।

खनिजों का अनाधिकृत परिवहन पाए जाने पर चारों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ संबंधित पुलिस थानों एवं चौकियों में खड़ा कराया गया है। इनमें एक वाहन थाना कोतवाली, एक पुलिस चौकी पिपरांव, एक थाना जमोड़ी तथा एक वाहन मोहनिया पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है।

संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

कलेक्टर सीधी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। खनिजों के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में आदतन रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment