सीधी(ईन्यूज एमपी)-मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संजय टाइगर रिजर्व की ब्यौहारी बफर रेंज की टीम ने 7 सितंबर 2026 को कोठार ग्राम में छापामार कार्रवाई करते हुए शाही के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।रेंजर अर्पित मैंराल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कमलेश बैगा, राजेश बैगा और रामसिया बैगा को शाही के लगभग 6.5 किलोग्राम कच्चे मांस एवं 300 ग्राम कांटों के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि उन्होंने 7 सितंबर को सुबह लगभग 7 बजे बीट मझोली के कक्ष क्रमांक -1328 में कुत्तों की मदद से शाही को घेरकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका शिकार किया था। इसके बाद मांस को खाने के उद्देश्य से गांव की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। वन विभाग की टीम द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय मझौली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है