सीधी (ईन्यूज एमपी)-जिले में पंचायत उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 2 जनपद सदस्य, 2 सरपंच और 19 पंच पदों के लिए मंगलवार, 8 सितंबर से नाम निर्देशन पत्र भरे जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को निर्वाचन की सूचना जारी करने के साथ नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने तथा संबंधित पदों के लिए आरक्षण की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र 8 से 15 सितंबर तक निर्धारित स्थानों पर जमा किए जा सकेंगे। 16 सितंबर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर निर्धारित है। इसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद अभ्यर्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन तथा निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। 29 सितंबर को मतदान पंचायत उप निर्वाचन के लिए 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। पंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी। जनपद सदस्य एवं सरपंच पद के लिए ईवीएम से मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से संबंधित विकासखंड मुख्यालय पर होगी। मतों की सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा इसी दिन सुबह 10.30 बजे की जाएगी। 5 अक्टूबर को पंच पद के लिए विकासखंड मुख्यालय पर मतगणना, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसी दिन जिला मुख्यालय पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी। इन पदों के लिए होगा निर्वाचन रामपुर नैकिन जनपद में वार्ड क्रमांक 1 एवं 19 के लिए निर्वाचन होगा। वार्ड क्रमांक 1 में बुधगौना, पिपराव, पटना एवं मझिगवां तथा वार्ड क्रमांक 19 में गुजरेढ़, झगरी, अमिल्हा, पोस्ता एवं चंद्रेहा क्षेत्र शामिल हैं। सीधी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सेंदुरा तथा कुसमी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खोखरा में सरपंच पद के लिए उप निर्वाचन होगा। रामपुर नैकिन जनपद की ग्राम पंचायत कपूरि कोठार में वार्ड क्रमांक 12 एवं 13, सीधी जनपद में ग्राम पंचायत मउहरिया कला वार्ड 12, कठास वार्ड 8, मड़वा वार्ड 2, कथौली वार्ड 4, तेगवा वार्ड 14, मवाई वार्ड 1 एवं उकरहा वार्ड 15 में पंच पद के लिए निर्वाचन होगा। इसी प्रकार सिहावल जनपद में दमक वार्ड 11, बघोरी वार्ड 8, चमरौहा वार्ड 4, कोरौली कला वार्ड 11, हटवा वार्ड 12 एवं डिहुली क्रमांक 3 वार्ड 8 में पंच पद के लिए चुनाव होगा। मझौली जनपद में दरिया वार्ड 12 एवं छुई वार्ड 11 तथा कुसमी जनपद में धूपरवाड़ वार्ड 15 एवं शंकरपुर वार्ड 11 में पंच पद के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा। निर्वाचन को लेकर संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।