enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: नदी में अचानक आई बाढ़ से बही सड़क, कई गांवों का संपर्क टूटा

सीधी: नदी में अचानक आई बाढ़ से बही सड़क, कई गांवों का संपर्क टूटा

मझौली/सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले के मझौली जनपद पंचायत क्षेत्र के सिलवार गांव में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सिलवार नदी में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव के चलते नदी किनारे बनी सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से नारो, गिजवार समेत कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।

सड़क बहने के बाद मौके पर गहरी खाई बन गई है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहनों से क्षतिग्रस्त रास्ते को पार कर रहे हैं।

बड़े वाहनों का आवागमन बंद

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव में सड़क का हिस्सा बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां गंभीर हादसा हो सकता है।

ग्रामीण सुरेश बैगा ने बताया कि यह सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण इसी मार्ग से अपने घरों और आसपास के गांवों तक आवागमन करते हैं। सड़क बह जाने के बाद लोगों के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

पंचायत विभाग की टीम करेगी निरीक्षण

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है।

जनपद पंचायत मझौली की एसडीओ सरिता सिंह ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क बहने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही पंचायत विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और जल्द से जल्द आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा।

Share:

Leave a Comment