सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरा गांव में शनिवार को तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम बिलारो, पोस्ट पोखरा, थाना बहरी निवासी राज कुमार यादव (28) और प्राणपति (20) अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों युवक अपने जीजा के दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान पोखरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरा युवक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक उछलकर काफी दूर जा गिरा, जबकि दो अन्य युवक बाइक के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे और बाइक के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके माध्यम से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। राज कुमार को रीवा किया गया रेफर जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राज कुमार यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बहरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ बोलेरो चालक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।