सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अतिवृष्टि से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में ग्राम जमोड़ी कला में अयोध्या प्रसाद द्विवेदी का मकान अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार बारिश के चलते मकान की संरचना कमजोर होने से यह हादसा हुआ। मकान के क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने सुरक्षित आशियाने का संकट खड़ा हो गया है। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मकान का मौके पर निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय स्तर पर बारिश से प्रभावित अन्य परिवारों की भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।