जिले में 30 मतदान केंद्रों पर होंगे सरपंच, पंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के उप निर्वाचन सीधी (ईन्यूज एमपी)-पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्द्ध के अंतर्गत जिले में प्रस्तावित निर्वाचन को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान दलों की व्यवस्थाएं तथा निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन एवं नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने तथा स्थानों के आरक्षण संबंधी सूचना का प्रकाशन 8 सितम्बर 2026 को किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 16 सितम्बर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 29 सितम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के बाद पंच पदों के लिए मतदान केंद्र पर ही मतगणना की जाएगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से मतों की गणना 3 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से होगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के मतों का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा एवं जिला पंचायत सदस्य पद के मतों का विकासखंड स्तरीय सारणीकरण इसी दिन प्रातः 10.30 बजे से किया जाएगा। पंच पद की मतदान केंद्र पर की गई मतगणना का सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा, पंच पद की विकासखंड मुख्यालय पर मतगणना, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा तथा जिला पंचायत सदस्य पद के मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10.30 बजे से की जाएगी। जिले में उप निर्वाचन के लिए कुल 30 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। रामपुर नैकिन जनपद पंचायत में जनपद पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 01 एवं 19 तथा पंच पद के लिए कपुरी कोठार के वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 में निर्वाचन होगा। वार्ड क्रमांक 01 में बुढ़गौना, पिपराव, पटना एवं मझिगवां तथा वार्ड क्रमांक 19 में गुजरेढ़, झगरी, अमिलहा, पोस्ता एवं चन्दरेह ग्राम शामिल हैं। सीधी जनपद पंचायत में सरपंच पद के लिए सेंदुरा तथा पंच पद के लिए मौहरिया कला वार्ड 12, कठास वार्ड 8, मड़वा वार्ड 2, कठौली वार्ड 4, तेगवा वार्ड 14, मवई वार्ड 1 एवं उकरहा वार्ड 15 में निर्वाचन प्रस्तावित है। सिहावल जनपद पंचायत में पंच पद के लिए डमक वार्ड 11, बघौड़ी वार्ड 8, चमरौहा वार्ड 4, कोरौली कला वार्ड 11, हटवा वार्ड 12 एवं डिहुली नंबर-3 वार्ड 8 में निर्वाचन होगा। मझौली जनपद पंचायत में दरिया वार्ड 12 एवं छूही वार्ड 11 तथा कुसमी जनपद पंचायत में सरपंच पद के लिए खोखरा एवं पंच पद के लिए धुपरवड़ वार्ड 15 एवं शंकरपुर वार्ड 11 में मतदान होगा। कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की समय-सीमा का पालन करते हुए तैयारियां पूर्ण करें। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले में पंचायत उप निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला, चुरहट अजय शर्मा, कुसमी सागर जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।