कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत संचालित होंगी, शिक्षकों-कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026 को सीधी जिले में संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय जिले में अत्यधिक वर्षा की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है। अवकाश MPBSE, CBSE, ICSE एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर भी लागू होगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक स्कूल खुले रहेंगे आदेश के मुताबिक कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्ववत संचालित होंगी। वहीं सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने कार्यालय/विद्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। विद्यालयों में आवश्यकता और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन अथवा वर्चुअल कक्षाओं का संचालन भी किया जा सकेगा। कलेक्टर ने जारी आदेश को तत्काल प्रभावशील बताया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनसंपर्क विभाग, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों/संस्था प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई एवं पालन के लिए भेजी गई है।