सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 1 सितंबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू रहेगा। हालांकि, सुबह स्कूल संचालित होने के बाद अवकाश का आदेश पहुंचने से कई विद्यालयों में असमंजस की स्थिति बन गई। जिन स्कूलों में बच्चे सुबह नियमित रूप से पहुंच चुके थे और कक्षाएं शुरू हो गई थीं, वहां आदेश की जानकारी मिलने के बाद विद्यार्थियों को वापस घर भेजा जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षक एवं अन्य स्टाफ अपने निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जारी इस आदेश के बाद अब स्कूल प्रबंधन बच्चों को घर भेजने में जुटे हैं। सुबह स्कूल पहुंच चुके बच्चों के अभिभावकों को भी स्कूल प्रबंधन की ओर से सूचना दी जा रही है। अचानक अवकाश की जानकारी मिलने से कई अभिभावकों को बच्चों को वापस लेने के लिए स्कूल पहुंचना पड़ा।