सीधी (ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्र कुसमी के लिए यह गर्व और सम्मान का अवसर है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) टंसार की छात्रा मीनाक्षी सिंह को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने का ऐतिहासिक अवसर मिला। शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी सिंह ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उनके साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। राष्ट्रपति के साथ त्योहार मनाने का यह अवसर मीनाक्षी के साथ-साथ पूरे सीधी जिले और विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। मीनाक्षी सिंह सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार में अध्ययनरत हैं। आदिवासी अंचल से आने वाली मीनाक्षी ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर यह संदेश भी दिया कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने दी जानकारी सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने ईन्यूज़ एमपी को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मीनाक्षी सिंह को राष्ट्रपति के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे सीधी जिले के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात बताया। राष्ट्रपति के साथ रक्षाबंधन मनाने की तस्वीरें और यह मुलाकात मीनाक्षी के जीवन की यादगार उपलब्धियों में शामिल हो गई हैं। वहीं, जिले के लोगों में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। कुसमी के वनांचल से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंची मीनाक्षी की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।