छात्रावासों में कार्यरत महिला श्रमिकों और स्वीपरों का स्वास्थ्य परीक्षण, साड़ी एवं प्रोत्साहन राशि वितरित सीधी (ईन्यूज एमपी)-रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में नगर पालिका सीधी के मानस भवन में 24 अगस्त को राखी मेला उत्सव का आयोजन किया गया। मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा निर्मित साड़ी, श्रृंगार सेट सहित विभिन्न उत्पादों के विक्रय के लिए स्टॉल लगाए गए। सांसद श्री राजेश मिश्रा एवं कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने मेले में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित साड़ी एवं श्रृंगार सेट की खरीदारी कर उनके उत्पादों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। सांसद श्री राजेश मिश्रा द्वारा स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पाद जनजातीय कार्य विभाग को भी प्रदाय किए गए। साथ ही आमजन से स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने की अपील की गई, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके। इसी क्रम में 27 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सिहावल स्थित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर में सिहावल जनपद अंतर्गत संचालित छात्रावासों में कार्यरत महिला अंशकालीन स्वीपर एवं महिला श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस दौरान सोनाली पटेल, सुख्खीबाई बंसल, रमिता तिवारी, सावित्री बंसल, बेसनी बसोर, गौरी पनिका, मुन्नी केवट, सोनाली कोल, रनिया कोल, प्रेमवती कोल एवं श्यामवती साकेत को विभाग की ओर से एक-एक सेट साड़ी एवं 100-100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महिलाओं ने इस पहल के लिए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा एवं सहायक आयुक्त श्री पी.के. पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्री पी.के. पांडेय, मंडल संयोजक श्री संजय सिंह चौहान, अधीक्षक श्री अखिलेश सिंह, श्रीमती प्रेमा सिंह, श्रीमती अनुराधा रैदास सहित छात्रावासों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।