enewsmp.com
Home सीधी दर्पण एनएच-39 चौड़ीकरण से प्रभावित परिसंपत्तियों की होगी संयुक्त जांच

एनएच-39 चौड़ीकरण से प्रभावित परिसंपत्तियों की होगी संयुक्त जांच

सात दिन में निरीक्षण प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश, शिकायतों के निराकरण के लिए गठित जांच दल

सीधी, 27 अगस्त 2026। एनएच-39 के चौड़ीकरण से प्रभावित ग्रामों में भूमि और भूमि पर स्थित परिसंपत्तियों को लेकर सामने आ रही शिकायतों के निराकरण के लिए प्रशासन ने संयुक्त जांच दल का गठन किया है। ग्राम बढ़ौरा, कठौतहा, मिर्चवार, जमोड़ी सेगरान और सोनवर्षा के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न परिसंपत्तियों के संबंध में बार-बार शिकायतें प्रस्तुत किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

उपखण्ड अधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित मामलों की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से जांच की जाएगी। जांच दल की अध्यक्षता तहसीलदार गोपद बनास करेंगे, जबकि नायब तहसीलदार गोपद बनास को सहायक अधिकारी बनाया गया है।

कई विभागों के अधिकारी जांच दल में शामिल

संयुक्त जांच दल में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा प्राधिकृत व्यक्ति, राजस्व निरीक्षक सेमरिया, संबंधित हल्का पटवारी, लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री, ग्रामीण यांत्रिकीय सेवा के उपयंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री तथा वन विभाग के रेंजर के प्रतिनिधि को सदस्य बनाया गया है।

प्रशासन ने तहसीलदार गोपद बनास को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग सीधी से समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिसंपत्तियों का संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की लिपकीय त्रुटि या अभिलेखों में विसंगति सामने आती है तो उसके सुधार के संबंध में स्पष्ट प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।

सात दिवस में देना होगा प्रतिवेदन

जांच दल को संयुक्त निरीक्षण की कार्रवाई पूरी कर सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन कार्यालय उपखण्ड अधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी गोपद बनास, जिला सीधी में प्रस्तुत करना होगा।

प्रशासन का उद्देश्य संयुक्त जांच के माध्यम से प्रभावित हितग्राहियों की शिकायतों का तथ्यात्मक परीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे एनएच-39 चौड़ीकरण से प्रभावित परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के निराकरण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

Share:

Leave a Comment