सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बारिश के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। कुबरी के पास हुए इस हादसे में ट्रक चालक सुख सेन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिसलन के कारण अनियंत्रित हुआ ट्रक जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। बारिश के चलते सड़क पर फिसलन थी। इसी दौरान तेज गति से जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह नियंत्रण में नहीं आ सका और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। खाई में गिरने के बाद ट्रक पलट गया। प्रत्यक्षदर्शी ने दी एंबुलेंस को सूचना प्रत्यक्षदर्शी दिनेश दुबे ने बताया कि वह रीवा से बहरी की ओर लौट रहे थे। कुबरी के पास उनकी नजर खाई में पलटे ट्रक पर पड़ी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने चालक को घायल अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। क्रेन से ट्रक निकालने का प्रयास हादसे के बाद ट्रक गहरी खाई में पलटा हुआ है। वाहन को बाहर निकालने के लिए क्रेन मौके पर बुलाई गई है। सड़क से काफी नीचे होने के कारण ट्रक को निकालने में परेशानी आ रही है। फिलहाल क्रेन की मदद से वाहन को खाई से बाहर निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस ने शुरू की जांच बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। ट्रक को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। वाहन मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।