enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:तुर्रा घाट पर सवारियों से भरी ऑटो पलटी, एक की मौत; दो गंभीर घायल रीवा रेफर

सीधी:तुर्रा घाट पर सवारियों से भरी ऑटो पलटी, एक की मौत; दो गंभीर घायल रीवा रेफर

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तुर्रा गांव(कुचवाही के पास) में बुधवार को सवारियों से भरी एक ऑटो तुर्रा घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ऑटो में करीब 20 लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 108 वाहन के चालक अनुज कुशवाहा और ईएमटी आशीष मिश्रा ने घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों में संत कुमार प्रजापति (48), पुष्पा साकेत (42), रानु पांडेय (47), प्रवीण साकेत (15), चंदन साकेत (16), आशा सेन (65), संत कुमार सोंधिया (42) और पूजा सोंधिया (48) शामिल हैं। ये सभी छूहिया क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने संत कुमार प्रजापति (48) निवासी छूहिया का परीक्षण करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुष्पा साकेत और रानु पांडेय की हालत बेहद गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसा किस कारण हुआ और ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां थीं या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। बहरी थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment