सीधी(ईन्यूज एमपी)- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड सीधी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। सीधी पुलिस द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक परेड ग्राउंड और आसपास के मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित एवं परिवर्तित किया जाएगा। समारोह के दौरान भीड़-भाड़ को देखते हुए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात संचालन के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक सीधी से कमर्जी मार्ग की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को उक्त मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। छोटे वाहनों के लिए बदला गया मार्ग सीधी से कमर्जी की ओर जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सम्राट चौराहा से बनिया कॉलोनी होते हुए कमर्जी की ओर जा सकेंगे। वहीं कमर्जी से सीधी की ओर आने वाले वाहन स्टेडियम अथवा परेड ग्राउंड से पहले बनिया कॉलोनी मार्ग से होते हुए सम्राट चौक की ओर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। एसपी कार्यालय से परेड ग्राउंड तक नो-व्हीकल जोन यातायात एडवाइजरी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पुलिस परेड ग्राउंड तक मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत और पासधारी वाहनों को ही निर्धारित समय के दौरान प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें। साथ ही स्कूल, कार्यालय अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकलने वाले नागरिकों से एडवाइजरी के अनुसार अपने समय और यात्रा मार्ग की योजना बनाने का अनुरोध किया गया है। सीधी पुलिस ने आमजन से यातायात व्यवस्था में सहयोग कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की अपील की है।