भोपाल/नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही भविष्य की रणनीति पर भी मंथन होगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित प्रदेश के सभी सह-प्रभारियों को दिल्ली बुलाया गया है। पार्टी नेतृत्व संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर चर्चा करेगा। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेशभर में चल रहे संगठन सृजन अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का मूल्यांकन किया जाएगा। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के कार्यों की भी समीक्षा होगी। बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्षों के कामकाज की रिपोर्ट के आधार पर कुछ जिलाध्यक्षों में बदलाव का फैसला भी लिया जा सकता है। संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति, आगामी चुनावी तैयारियों और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की भावी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मान रहा है।