enewsmp.com
Home सीधी दर्पण आज कुसमी में होगी उपखंड स्तरीय जनसुनवाई, कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं सुनेंगे लोगों की समस्याएं

आज कुसमी में होगी उपखंड स्तरीय जनसुनवाई, कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं सुनेंगे लोगों की समस्याएं

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कुसमी विकासखंड के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आज (4 अगस्त) जनपद पंचायत सभागार, कुसमी में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतें सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से अब जिला मुख्यालय के साथ-साथ विकासखंड स्तर पर भी नियमित जनसुनवाई की व्यवस्था शुरू की गई है।

जिला मुख्यालय में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम में सभी संबंधित विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का मौके पर परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने कुसमी विकासखंड के नागरिकों से अपील की है कि वे आज आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण किया जा सके।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर जनसुनवाई शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी।

Share:

Leave a Comment