enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दतिया उपचुनाव: 8वें राउंड के बाद कांग्रेस 6,583 वोटों से आगे, 7 राउंड की मतगणना बाकी

दतिया उपचुनाव: 8वें राउंड के बाद कांग्रेस 6,583 वोटों से आगे, 7 राउंड की मतगणना बाकी

दतिया(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में आठवें राउंड के बाद कांग्रेस ने बढ़त मजबूत कर ली है। ताजा रुझानों के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार 6,583 मतों से आगे चल रहे हैं। हालांकि अभी सात राउंड की मतगणना शेष है और अंतिम परिणाम आना बाकी है।

दतिया पॉलीटेक्निक कॉलेज में चल रही मतगणना के आठवें राउंड में कांग्रेस को 6,828 और भाजपा को 3,540 वोट मिले। इसके बाद कांग्रेस की कुल बढ़त बढ़कर 6,583 वोट हो गई। कुल 15 राउंड की मतगणना में से अब सात राउंड शेष हैं।

कांग्रेस ने जताया जीत का भरोसा

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि भाजपा के जिस नेता का टिकट कटा, उनके समर्थकों का भी कांग्रेस को समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक समीकरण कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं और पार्टी मजबूत स्थिति में है।

भाजपा ने भी जताया जीत का विश्वास

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा ही चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे संगठन की मेहनत का परिणाम होगा। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नेताओं ने पूरी ताकत से चुनाव प्रचार किया है और उसका सकारात्मक परिणाम मिलेगा।

क्यों हो रहा है उपचुनाव?

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। उनकी सदस्यता सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से जुड़े धोखाधड़ी प्रकरण में सजा मिलने के बाद समाप्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से हराया था। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था और आज मतगणना जारी है।

Share:

Leave a Comment