भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश सरकार 7 अगस्त से प्रदेशव्यापी **मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026** शुरू करने जा रही है। अभियान के दौरान आम जनता की समस्याओं के निराकरण, विकास कार्यों की समीक्षा और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन के साथ-साथ विभिन्न विभागों एवं समितियों में लंबित राजनीतिक और विभागीय नियुक्तियों की भी समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी जिलों का दौरा कर विकास कार्यों एवं जनशिकायतों की समीक्षा करेंगे। लंबित नियुक्तियों का तैयार होगा ब्योरा अभियान के दौरान विभिन्न विभागों, निगमों, मंडलों, प्राधिकरणों और समितियों में लंबित नियुक्तियों की भी समीक्षा की जाएगी। सरकार ऐसे सभी प्रकरणों का ब्योरा तैयार कर रही है, ताकि आवश्यक नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। विकास कार्यों और योजनाओं की होगी निगरानी जन विश्वास अभियान के तहत जिलों में विकास परियोजनाओं की प्रगति, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतें, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान योजना, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी सेवाएं, किसानों से जुड़े मुद्दे तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। जहां संभव होगा, शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। हर शुक्रवार होंगे मैदानी दौरे राज्य सरकार की योजना के अनुसार 7 अगस्त से अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इन दौरों के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।