enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में 4-5 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, सीधी-रीवा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

एमपी में 4-5 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, सीधी-रीवा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में दो दिन सामान्य बारिश के बाद एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 4 और 5 अगस्त से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। सीधी, सतना, रीवा, पन्ना, शहडोल और उमरिया सहित कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

अगले दो दिन हल्की से मध्यम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होती रहेगी। फिलहाल अगले 48 घंटों के दौरान किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में राजस्थान के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ मध्य प्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है।

4 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

4 अगस्त को छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

5 अगस्त को यहां बरसेंगे तेज बादल

5 अगस्त को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

अधिकांश जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 43 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें सीधी, सिंगरौली, सतना, रीवा संभाग के कई जिले, छतरपुर, पन्ना, जबलपुर, कटनी, सागर, दमोह, मंडला, डिंडौरी, बैतूल, उज्जैन, रतलाम, विदिशा, शिवपुरी, मुरैना सहित कई जिले शामिल हैं।

वहीं भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, भिंड और कुछ अन्य जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार