सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी एवं सुचारु संचालन के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा ने संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदारों के बीच नवीन कार्य विभाजन के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था प्रभारी डिप्टी कलेक्टर आर.पी. त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने तथा डिप्टी कलेक्टर सागर जैन एवं स्वर्णा दीवान द्वारा प्रशिक्षण उपरांत कार्यभार ग्रहण करने के बाद लागू की गई है। जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर संजीव कुमार पाण्डेय को उपखण्ड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मझौली का दायित्व सौंपा गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक को उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) गोपद बनास नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें भू-अभिलेख, भू-प्रबंधन, नजूल एवं जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) से संबंधित कार्यों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) सागर जैन को उपखण्ड मजिस्ट्रेट कुसमी के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) स्वर्णा दीवान को जिला आपूर्ति अधिकारी का प्रभार दिया गया है। साथ ही उन्हें राजस्व राहत, सीएम हेल्पलाइन, जनसंपर्क निधि, व्यवहार न्यायालय, कार्यालय अधीक्षक सहित विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त प्रभारी तहसीलदार (नजूल) मीनाक्षी जायसवाल को जनसुनवाई, आवक-जावक, टाइपिंग एवं कम्प्यूटर शाखा, जनगणना-2027, वन व्यवस्थापन, प्रतिलिपि शाखा, अल्प बचत, संस्थागत वित्तीय कार्य एवं सामान्य अभिलेखागार सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के बीच लिंक ऑफिसर भी नियुक्त किए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रभारित कार्यों का निर्वहन पूर्ण जवाबदेही, बेहतर समन्वय और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें।