enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मंडी शुल्क बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, फैसला वापस लेने की मांग

मंडी शुल्क बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, फैसला वापस लेने की मांग

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को मंडी कार्यालय सीधी पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मंडी शुल्क में की गई वृद्धि को किसानों और व्यापारियों के हितों के विपरीत बताते हुए निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ, भोपाल तथा जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के निर्देशानुसार कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मंडी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि मंडी शुल्क बढ़ने से किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका सीधा असर कृषि उपज के कारोबार और किसानों की आय पर पड़ने की आशंका है।

कांग्रेस ने मांग की कि मंडी शुल्क से संबंधित किसी भी नई नीति को लागू करने से पहले व्यापारी संगठनों, किसान प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित हितधारकों से व्यापक चर्चा की जाए। सभी पक्षों की सहमति के आधार पर ही नई व्यवस्था लागू की जाए, ताकि किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े।

ज्ञापन में भविष्य में मंडी शुल्क में वृद्धि अथवा किसी अन्य नीतिगत बदलाव से पहले संबंधित पक्षों के साथ विस्तृत विमर्श किए जाने की मांग भी की गई।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी सीधी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, महासचिव जय सिंह, सचिव उमेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक सिंह, उपाध्यक्ष सानेन्द्र सिंह, शुभम पटेल, राहुल पाण्डेय, सद्दाम पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share:

Leave a Comment