enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में 4 रिश्वतखोर रंगेहाथ गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में 4 रिश्वतखोर रंगेहाथ गिरफ्तार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जिलों से चार रिश्वतखोरों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। ग्वालियर, दमोह, नरसिंहपुर और झाबुआ में हुई इन कार्रवाइयों में एक कार्यपालन यंत्री, एक रोजगार सहायक, एक तहसील कार्यालय का बाबू और एक पटवारी रिश्वत लेते हुए पकड़े गए।

ग्वालियर: रिटायरमेंट से एक दिन पहले इंजीनियर गिरफ्तार

ग्वालियर नगर निगम के जलकार्य विभाग में पदस्थ कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे को लोकायुक्त टीम ने उनके कार्यालय में 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। खास बात यह है कि सुशील कटारे का अगले ही दिन सेवानिवृत्त होना था।

दमोह: रोजगार सहायक 8 हजार रुपये लेते पकड़ा गया

दमोह जिले के जबेरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत परासई में पदस्थ रोजगार सहायक राजेश सिंह लोधी को सागर लोकायुक्त की टीम ने 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

नरसिंहपुर: तहसील कार्यालय का बाबू गिरफ्तार

नरसिंहपुर जिले में लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय का एक बाबू 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया।

झाबुआ: पटवारी पर भी गिरी गाज

झाबुआ जिले में लोकायुक्त पुलिस ने एक पटवारी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक ही दिन में प्रदेश के चार अलग-अलग जिलों में हुई इन कार्रवाइयों को भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सभी मामलों में लोकायुक्त पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share:

Leave a Comment