enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में एक्टिव हुए 3 स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम, 12 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; सीधी-रीवा समेत कई जिलों में भी बरसेंगे बादल

एमपी में एक्टिव हुए 3 स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम, 12 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; सीधी-रीवा समेत कई जिलों में भी बरसेंगे बादल

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में एक साथ तीन मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को उज्जैन सहित 12 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है।

इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी

मौसम केंद्र के अनुसार, मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अगले दो दिन सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और धार जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं नीमच, आगर-मालवा, उज्जैन, देवास, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, खंडवा, मंदसौर, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश होने की संभावना है।

बैतूल में दीवार गिरने से युवक की मौत

गुरुवार को भोपाल, उज्जैन, रतलाम, हरदा और खरगोन सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के दौरान रेलवे की बाउंड्री वॉल एक झोपड़ी पर गिर गई। हादसे में 27 वर्षीय राहुल उइके की मौत हो गई, जबकि शनि सिंह घायल हो गया।

वहीं, बैतूल के सारणी स्थित सतपुड़ा बांध के सात गेट इस मानसून सीजन में पहली बार खोले गए।

सामान्य से अब भी 15 प्रतिशत कम बारिश

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 373.3 मिमी (14.7 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक 438.3 मिमी (17.2 इंच) वर्षा होनी चाहिए थी। यानी अभी भी प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

47 जिलों में सामान्य से कम वर्षा

प्रदेश के 47 जिलों में अब तक औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें सीधी, रीवा, सिंगरौली, सतना, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, सागर, पन्ना, छतरपुर, धार, झाबुआ, खरगोन, उज्जैन, ग्वालियर, बैतूल और विदिशा समेत कई जिले शामिल हैं।

वहीं भोपाल, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, मंदसौर, राजगढ़ और सीहोर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इनमें देवास में अब तक करीब 29 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

Share:

Leave a Comment