सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीयन और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग में लापरवाही सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन के विकासखंड कम्युनिटी मोबेलाइजर अखिलेश सोनी को सेवा समाप्ति पूर्व कारण बताओ नोटिस जारी किया है। लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुआ गर्भवती महिलाओं का पंजीयन जारी नोटिस के अनुसार कमिश्नर रीवा संभाग की अध्यक्षता में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक और जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर प्रथम त्रैमास में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में रामपुर नैकिन क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं की मॉनिटरिंग में भी लापरवाही सीएमएचओ द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग नहीं की गई। इसके कारण गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल नहीं हो सकी। विभाग ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना है। तीन दिन में मांगा लिखित जवाब नोटिस में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के मानव संसाधन मैनुअल-2025 के प्रावधानों का हवाला देते हुए संबंधित कर्मचारी को तीन दिवस के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो सेवा समाप्ति का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया जाएगा।