सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपराव चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 5 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूछताछ में सामने आए सह-आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी **"नशे से दूरी है जरूरी 2.0"** अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में पिपराव चौकी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर की सूचना पर अंधियारी बगीचा में दबिश पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को चौकी पिपराव की टीम अपराध विवेचना एवं क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्राम बघवार स्थित अंधियारी बगीचा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि उमेश कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम चोरगड़ी, कोतर मोड़, थाना रामपुर नैकिन काले रंग के बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। बैग में मिले गांजा के पांच पैकेट तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से काले रंग का बैग बरामद हुआ। बैग के अंदर ब्राउन टेप से पैक किए गए गांजा के पांच पैकेट मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 5 किलो 80 ग्राम निकला। पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई है। बरामद गांजा और बैग को नियमानुसार सीलबंद कर जब्त किया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर की गई। पूछताछ में सामने आया सह-आरोपी का नाम पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी उमेश कुमार कुशवाहा (33) ने बताया कि उसे यह गांजा ग्राम चोरगड़ी निवासी सुरेन्द्र द्विवेदी पिता हीराल द्विवेदी ने बिक्री के लिए दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाम सामने आए सह-आरोपी सुरेन्द्र द्विवेदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका कार्रवाई में चौकी प्रभारी पिपराव उप निरीक्षक शेषमणि मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राममणि मिश्रा, आरक्षक प्रदीप सेन (336), आरक्षक सचिन साहू (271), आरक्षक अनिल यादव (502) सहित चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।