enewsmp.com
Home सीधी दर्पण खनिज माफियाओं पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, अवैध परिवहन करते 7 वाहन जब्त

खनिज माफियाओं पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, अवैध परिवहन करते 7 वाहन जब्त

अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार जारी रहेगा अभियान

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित खनिज-पुलिस संयुक्त दल ने गोपदबनास एवं चुरहट क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त किया है।

संयुक्त दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर गिट्टी, 1 डम्पर रेत, 1 ट्रैक्टर बोल्डर तथा 1 हाइवा रेत जब्त किए गए। सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार थाना चुरहट, यातायात थाना एवं थाना जमोड़ी में सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) संबंधी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। शासन के राजस्व को क्षति पहुंचाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच, आकस्मिक निरीक्षण एवं संयुक्त अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार जब्ती, अर्थदंड एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनन एवं परिवहन संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं शासन के राजस्व की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share:

Leave a Comment