enewsmp.com
Home सीधी दर्पण NH-39 पर आवारा पशुओं के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, मोहनिया टनल से बहरी तक गौशालाओं में भेजे जाएंगे मवेशी

NH-39 पर आवारा पशुओं के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, मोहनिया टनल से बहरी तक गौशालाओं में भेजे जाएंगे मवेशी

सीधी(ईन्यूज एमपी)- राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अभियान मोहनिया टनल से बहरी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाया जाएगा, जिसके तहत सड़क पर विचरण कर रहे निराश्रित एवं आवारा पशुओं को चिन्हित कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजा जाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि सड़क सुरक्षा और आमजन के जीवन की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान संबंधित विभागों एवं स्थानीय निकायों के समन्वय से संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर निकटवर्ती गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुले में घूमने वाले मवेशी सड़क हादसों का प्रमुख कारण बनते हैं। ऐसे में पशुओं के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों की समुचित देखभाल करें और उन्हें खुले में अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचरण के लिए न छोड़ें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यदि कोई पशु सड़क पर घूमता हुआ पाया जाता है तो उसे गौशाला में भेज दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पशुपालक की होगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों एवं पशुपालकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग जनहित और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Share:

Leave a Comment