enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, 4 घंटे तक बंद रहा सीधी-ब्यौहारी मार्ग

सीधी: युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, 4 घंटे तक बंद रहा सीधी-ब्यौहारी मार्ग

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मझौली थाना क्षेत्र के छुही गांव में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने युवक के शव को सीधी-ब्यौहारी मुख्य मार्ग पर रखकर करीब चार घंटे तक चक्का जाम किया। सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर करीब 3 बजे तक चलता रहा, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक एक माह पूर्व मझौली थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी था। इस प्रकरण में दो लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें से एक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मृतक युवक फरार बताया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची थी और दबिश दी थी। इसके अगले दिन युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक के साथ मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दुष्कर्म पीड़िता के परिवार की ओर से पैसों की मांग की जा रही थी। हालांकि इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इनकी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों के थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों से लगातार चर्चा कर उन्हें शांत कराने तथा मार्ग से जाम हटाने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों ने युवक की मौत की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की। उनका कहना था कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

करीब चार घंटे तक चले चक्का जाम के कारण सीधी-ब्यौहारी मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा अन्य सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment