enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जिले में डिप्टी कलेक्टरों के बीच कार्यों का नया बंटवारा, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

जिले में डिप्टी कलेक्टरों के बीच कार्यों का नया बंटवारा, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

संयुक्त कलेक्टर संजीव कुमार पाण्डेय को जिला आपूर्ति अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार, प्रिया पाठक को नजूल एवं डूडा की जिम्मेदारी

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा ने प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी एवं सुचारु संचालन के उद्देश्य से पूर्व में जारी कार्य विभाजन आदेशों को अधिक्रमित करते हुए जिले में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों के मध्य नवीन कार्य विभाजन आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर संजीव कुमार पाण्डेय को जिला आपूर्ति अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। साथ ही उन्हें उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन), जिला सीधी की जिम्मेदारी भी दी गई है। वे इस हैसियत से मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन संबंधी कार्यों का संपादन करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्हें राजस्व लेखा, भू-अभिलेख, राहत, जनसंपर्क निधि, व्यवहारवाद, सीएम हेल्पलाइन, तकाबी सहित अन्य संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

प्रिया पाठक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोपद बनास को नजूल शाखा तथा प्रभारी परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), सीधी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अपने नियमित दायित्वों के साथ इन शाखाओं के कार्यों का भी संचालन करेंगी।

इसी प्रकार प्रभारी तहसीलदार नजूल मीनाक्षी जायसवाल को जनसुनवाई, आवक- जावक, टायपिंग एवं कम्प्यूटर शाखा, जनगणना-2011 तथा सामान्य अभिलेखागार शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए संजीव कुमार पाण्डेय एवं प्रिया पाठक को एक-दूसरे का लिंक ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं मीनाक्षी जायसवाल के लिए प्रिया पाठक को लिंक ऑफिसर बनाया गया है, ताकि किसी अधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में शासकीय कार्य प्रभावित न हों।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने प्रभारित कार्यों का निर्वहन पूर्ण जवाबदेही, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवाओं का संचालन प्रभावी रूप से होता रहे।

Share:

Leave a Comment