enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: बारिश के बाद छत्रसाल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

सीधी: बारिश के बाद छत्रसाल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

सीधी(ईन्यूज एमपी)- बीती रात हुई बारिश के बाद शहर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित छत्रसाल स्टेडियम शासकीय कॉम्प्लेक्स की दुकानों के सामने बना छज्जा (बारजा) सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि दिन के समय यह हादसा होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और जिला कलेक्टर तथा नगर पालिका अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह शासकीय कॉम्प्लेक्स करीब **30 वर्ष से अधिक पुराना** है और इसकी छत सहित भवन के कई हिस्से काफी जर्जर हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि फिलहाल केवल सामने का छज्जा गिरा है, लेकिन भवन की छत भी कमजोर स्थिति में है, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

हाल ही में रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में जर्जर दीवार गिरने से हुई जनहानि का हवाला देते हुए नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस भवन की मरम्मत या आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटना की पुनरावृत्ति हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में स्थित सभी पुराने और जर्जर शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों का सर्वे कराया जाए। साथ ही जिन इमारतों की स्थिति खतरनाक है, उन्हें चिन्हित कर मरम्मत, बैरिकेडिंग या आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

फिलहाल नगर पालिका द्वारा मलबा हटाने का कार्य कराया जा रहा है। भवन की तकनीकी जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Share:

Leave a Comment