enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:जनहित के कार्यों में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही- कलेक्टर

सीधी:जनहित के कार्यों में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही- कलेक्टर

सीधी (ईन्यूज एमपी)-जिले में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप पुलिस परेड ग्राउंड में समारोह का भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए। सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी कार्यों में समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, यातायात सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने जिले में बीएसएनएल टॉवर स्थापना के लिए भूमि आवंटन की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय-सीमा में भेजने, लंबित विधानसभा आश्वासनों को पोर्टल पर दर्ज कराने तथा ध्यानाकर्षण सूचनाओं के जवाब प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा समय पर प्रगति प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करना सुनिश्चित करे।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन विभागों में ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू है, वहां कर्मचारियों की उपस्थिति केवल ई-अटेंडेंस के आधार पर ही मान्य होगी। साथ ही सभी कार्यालयीन कार्य अनिवार्य रूप से ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से किए जाएं, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।

उन्होंने दस्तक अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे के घर-घर पहुंचकर गंभीर बीमारियों एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का चिन्हांकन किया जाए, जिससे समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग को आपसी समन्वय से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आवश्यकता अनुसार उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत कार्यों के उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने तथा विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की तकनीकी स्वीकृति प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी जर्जर भवन में विद्यालय अथवा आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए आवश्यक होने पर वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही वॉश ऑन व्हील व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में सफाई संबंधी कार्य इसी व्यवस्था के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने जिले की सड़कों की नियमित निगरानी करने तथा जहां भी आवश्यकता हो वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करें और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment