सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के दौरान एक जर्जर भवन की दीवार अचानक ढह गई, जिससे उसके पास खड़े चार लोग मलबे में दब गए। हादसे में दो लोगों सुखसेन केवट और रामसजीवन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग न्यायालय परिसर में स्थित एक पुराने भवन की दीवार की आड़ में खड़े हो गए। इसी दौरान भवन की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई और चार लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन को आशंका थी कि मलबे के नीचे अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं, जिसके चलते देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। हादसे में न्यायालय के काम से आए सुखसेन केवट की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र राजेश केवट गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं हादसे की चपेट में आए रामसजीवन साहू और सलाही साहू आपस में सगे भाई हैं। दीवार गिरने से सलाही साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई रामसजीवन साहू गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की पहले से कमजोर और जर्जर दीवार अचानक ढह गई। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही न्यायालय परिसर के अन्य पुराने भवनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।