enewsmp.com
Home सीधी दर्पण रोली मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट में छात्रों को पठन-पाठन सामग्री वितरित

रोली मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट में छात्रों को पठन-पाठन सामग्री वितरित

सीधी(ईन्यूज एमपी)- शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से रोली मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष भी "रोली सारस्वत सम्मान" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम सुश्री प्रिया पाठक शामिल हुईं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री फाली गुप्ता द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में ट्रस्ट के संचालक, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी भैया चंद्र मोहन गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के मेधावी एवं अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को "रोली सारस्वत सम्मान" के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें बेहतर अध्ययन के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल तथा मिठाई सहित पठन-पाठन सामग्री की किट प्रदान की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मुख्य अतिथि एसडीएम प्रिया पाठक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें सम्मानित करना उनके लिए सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को प्रोत्साहन और स्नेह की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्हें शिक्षा से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराना न केवल उनकी पढ़ाई में सहायक है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए ट्रस्ट के संचालक भैया चंद्र मोहन गुप्ता एवं पूरी आयोजन समिति को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में श्रीमती मीना गुप्ता, ट्रस्टी उत्कर्ष गुप्ता, श्री फाली गुप्ता, समाजसेवी पुष्पा सिंह, सुनीता सिंह, रितु सिंह, अधिवक्ता गिरिजेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और उन्हें सम्मानित कर पठन-पाठन सामग्री प्रदान की गई।

Share:

Leave a Comment