enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जनपद पंचायत सीधी की सामान्य सभा संपन्न, विकास योजनाओं की प्रगति और क्षेत्रीय समस्याओं पर हुई विस्तृत समीक्षा

जनपद पंचायत सीधी की सामान्य सभा संपन्न, विकास योजनाओं की प्रगति और क्षेत्रीय समस्याओं पर हुई विस्तृत समीक्षा

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जनपद पंचायत सीधी की सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक गुरुवार को जनपद पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रगति तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही व्ही.बी.-जी राम जी योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। इसके अलावा जनपद पंचायत की विभिन्न स्थायी समितियों की कार्यवाही की समीक्षा कर वर्ष 2025-26 के प्रशासनिक प्रतिवेदन का अनुमोदन भी किया गया।

बैठक में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष इंजीनियर सुमन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदूलाल पनिका सहित जनपद पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों में आकांक्षा तिवारी, सुमन कोल, प्रीति सिंह, नीतू सिंह, प्रेमवती सिंह, सुषमा सिंह, दीपशिखा सिंह, संतोष सिंह, दीपक पनिका, शिवेंद्र सिंह, विनोद पटेल, प्रदीप सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, रामलखन पनिका, रामवती सिंह एवं श्यामकली प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को बैठक में प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान सभी खंड स्तरीय विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों की वन-टू-वन समीक्षा की गई। विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों द्वारा पेयजल, सड़क, निर्माण कार्यों, हितग्राही मूलक योजनाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया गया, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने सभी जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सामान्य सभा की बैठक का समापन किया गया।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार